राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री में टेलीफोन पर हुई बात, इन मुद्दों पर जताई प्रतिबद्धता

वर्ष 2022 में भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने पिछले साल 22 जून को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक में रक्षा सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की थी।

120

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 9 मार्च को ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस से दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों मंत्रियों ने पारस्परिक विश्वास और समझदारी, समान हितों तथा साझा मूल्यों पर आधारित विस्तृत रणनीतिक साझेदारी को क्रियान्वित करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

टेलीफोनिक वार्ता में दोनों मंत्रियों ने रक्षा अनुसंधान तथा सामग्री सहयोग पर भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। संयुक्त कार्य समूह रक्षा उद्योगों के बीच संबंधों को बढ़ाने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। दोनों मंत्रियों ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के रक्षा औद्योगिक आधारों के बीच अवसरों को बढ़ाने के उपायों पर सहमति जताई। दोनों मंत्रियों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया पारस्परिक लॉजिस्टिक सहायता व्यवस्था के माध्यम से संचालन सहयोग प्रारंभ करने पर बातचीत की।

वर्ष 2022 में भी हुई थी दोनों की मुलाकात
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने पिछले साल 22 जून को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक में रक्षा सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की थी। रिचर्ड मार्लेस 20 से 23 जून, 2022 तक भारत की यात्रा पर आये थे। इस यात्रा के दौरान उन्होंने गोवा शिपयार्ड लिमिटेड का दौरा किया और स्वदेशी ड्रोन विकास तथा स्वायत्त वाहन टेक्नोलॉजी में भारत की बढ़ती शक्ति का प्रदर्शन देखा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्रियों ने रणनीतिक चुनौतियों तथा क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा करने के साथ ही नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा उद्देश्यों को दोहराया था।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.