महाराष्ट्र: शिवसेना का व्हिप किस पर होगा लागू? मुख्यमंत्री ने दिया ऐसा उत्तर

विधान सभा अध्यक्ष पद चुनाव सरकार और विपक्ष के लिए विश्वास मत के पहले का लिटमस टेस्ट है। जिसके लिए दोनों ही पक्ष एंड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं।

89

विधान सभा अध्यक्ष पद के लिए रविवार को होनेवाले मतदान में दो उम्मीदवार मैदान में हैं। युति सरकार की ओर से भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर और आघाड़ी की ओर से शिवसेना के उम्मीदवार राजन सालवी। शिवसेना ने राजन सालवी की जीत के लिए व्हिप जारी किया है। यह व्हिप किस पर लागू होगा यह बड़ा प्रश्न है, जिस पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि, उनके गुट पर यह लागू नहीं होगा।

शिवसेना में उद्धव ठाकरे समर्थित गुट के प्रतोद सुनील प्रभु हैं, जबकि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट में भरत गोगावले को मुख्य प्रतोद बनाया गया है। शिवसेना उद्धव ठाकरे समर्थित गुट के विधान सभा अध्यक्ष पद उम्मीदवार हैं राजन सालवी। जिनके लिए मतदान करने के लिए शिवसेना प्रतोद सुनील प्रभु ने व्हिप जारी किया है।

ये भी पढ़ें – महाराष्ट्र: विधान सभा अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और शिवसेना में होगा सीधा मुकाबला, जानिये कौन-कौन है मैदान में

शिंदे गुट क्या करेगा
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गोवा में थे। उन्होंने कहा है कि, सुनील प्रभु द्वारा जारी किया गया व्हिप उन पर लागू नहीं होता। शिंदे ने कहा है कि, उनके साथ दो तिहाई से अधिक शिवसेना विधायक हैं।

एकनाथ शिंदे पहले से ही कहते रहे हैं कि, उनके पास 39 शिवसेना विधायक और निर्दलीय विधायकों का समर्थन है, जिसका आंकड़ा 50 तक पहुंच गया है।

तब महाविकास आघाड़ी का होता अध्यक्ष
महाविकास आघाड़ी के शासनकाल में विधान सभा का अध्यक्ष पद कांग्रेस के खाते में था। उस समय नाना पटोले विधान सभा अध्यक्ष बने थे, परंतु 4 फरवरी, 2021 को उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद से ही यह पद रिक्त है। यदि महाविकास आघाड़ी ने विधान सभा अध्यक्ष चुना होता तो, वर्तमान की राजनीतिक डांवाडोल परिस्थिति में बड़ा उलटफेर हो सकता था।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.