भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पीएम मोदी ने दिया जीत का मंत्र, कही ये बात

भाजपा की कार्यकारिणी की बैठक में चर्चा के विषय तो कई रहे , लेकिन फोकस 2022 में होने वाले पांच राज्यों के चुनाव ही रहे।

81

देश की राजधानी में  7 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक संपन्न हुई। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्यकारिणी की इस बैठक में चर्चा के विषय तो कई रहे , लेकिन फोकस 2022 में होने वाले पांच राज्यों के चुनाव ही रहे। पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव ने प्रेस वार्ता के में बैठक के बारे में जानकारी दी।

भूपेंद्र यादव ने कहा, ‘कार्यकारिणी की बैठक सुबह से ही शुरू थी। बैठक के पहले सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बात की। दूसरे सत्र में गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्षों और मुख्यमंत्रियों ने आगामी चुनाव के संदर्भ में अपनी -अपनी बातें रखीं। उन्होंने इस दौरान पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा दिया। साथ ही प्रदेश अध्यक्षों ने पार्टी द्वारा जनता से जुड़ने, विभिन्न वर्गों से समन्वय स्थापित करने के लिए बनाई गई विभिन्न योजनाओं की पूरी जानकारी दी। बैठक में तय किया गया कि पंजाब में 2022 में होने वाले चुनाव में सभी सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवार उतारेगी।’

मोदी का मंत्र
यादव ने बताया, ‘ कार्यकारिणी की बैठक प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। पीएम ने सभी कार्यकर्ताओं को भविष्य में भाजप की रणनीति बनाने का बड़ा मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आम आदमी के मन में विश्वास का पुल बनें। उन्होंने पार्टी के इतिहास को याद करते हुए कहा कि भाजपा को आज जो केंद्र में सत्ता मिली है, उसकी बड़ी वजह यह है कि पार्टी शुरू से लेकर अब तक आम आदमी से जुड़ी रही है। भाजपा परिवार आधारित पार्टी नहीं है। इसलिए, यह पार्टी जिन मूल्यों को लेकर चल रही है, उनमें सेवा, दृढ़ संकल्प और समर्पण महत्वपूर्ण हैं। यही पार्टी की परंपरा है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और परंपरा को आगे बढ़ा कर हम आगे बढ़ रहे हैं। भविष्य में सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को इसी विश्वास के साथ चलना होगा। कोविड काल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में राजनीति ही नहीं, सेवा ही सर्वोपरि थी। सेवा ही सच्ची पूजा है।’

ये भी पढ़ेंः विवादों की नव-ज्योत… पंजाब कांग्रेस में कबाहट, सिद्धू पर लगा बड़ा आरोप

उत्साह के साथ काम करने की अपील
भूपेंद्र यादव ने बताया, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, भाजपा अपने आदर्श का पालन करते हुए लगातार आगे बढ़ी है। भाजपा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों की पृष्ठभूमि में पार्टी के काम को उत्साह के साथ आगे बढ़ाने की अपील की।’

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.