जानिये, आरपीएन सिंह के भाजपा में शामिल होने पर क्या कहते हैं कांग्रेस नेता!

कांग्रेस के स्टार प्रचारक की सूची में शामिल झारखंड कांग्रेस प्रभारी रहे आरपीएन सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। उनके इस निर्णय पर पार्टी में तरह-तरह की बातें कही जा रही हैं।

69

कांग्रेस सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड कांग्रेस प्रभारी रहे आरपीएन सिंह के 25 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने पर प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है।

गोड्डा के पूर्व सांसद और पुराने कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने इसे प्रदेश कांग्रेस के लिए लाभकारी बताया है। उन्होंने कहा कि वे शुरू से मानते आये हैं कि आरपीएन भाजपा के घुसपैठिए हैं। वे राज्य में कांग्रेस की पूरी टीम को बर्बाद कर देंगे। उनकी बातों पर आलाकमान ने समय रहते ध्यान नहीं दिया। आज उन्होंने अपना चेहरा दिखा ही दिया। आरपीएन सिंह जैसे लोग ही पार्टी को अंदर से खोखला कर रहे हैं।

झारखंड सरकार को गिराने की कर रहे थे कोशिश
बड़कागांव से विधायक अंबा प्रसाद ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पिछले एक साल से ज्यादा समय से आरपीएन भाजपा के साथ सांठ-गांठ कर रहे थे। अंबा प्रसाद ने लिखा है कि पार्टी नेतृत्व को लगातार इस बारे में आगाह भी किया गया था। इनके भाजपा में जाने से झारखंड का हर सच्चा कांग्रेसी खुश है। हालांकि, कांग्रेस पार्टी की तरफ से इस संबंध में कोई भी ऑफिशियल बयान जारी नहीं किया गया है और न ही किसी अन्य विधायक ने ऐसी बात कही है।

तीन साल से आलाकमान को इनकी सच्चाई बताना चाह रहा था : इरफान
जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने बताया कि वे मिशन के तहत झारखंड आए थे कि राज्य से कांग्रेस को खत्म कर दें। वे शुरू से भाजपा माइंडेड थे। ये कांग्रेस पार्टी के साथ बेइमानी किए हैं। ये भाजपा के साथ भी बेइमानी कर रहे हैं। सोनिया गांधी और राहुल गांधी से इनकी सच्चाई बताने का वक्त मांग रहे थे लेकिन वक्त नहीं मिल रहा था।

टिकट बेचने का आरोप
इरफान अंसारी ने कहा कि ये झारखंड में लोकसभा का टिकट बेच दिए। पैसा लेकर टिकट बेच दिए। इतना ही नहीं पैसा लेकर इन्होंने मंत्री का पद भी बेच दिया। आज सच्चाई जनता के सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में इनके जैसे भाजपामाइंडेड लोग पार्टी को बर्बाद कर रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः उत्तराखंड चुनावः थम नहीं रही है कांग्रेस नेताओं की नाराजगी, ‘इन’ सीटों पर बगावत के सुर

 संगठन-सरकार पर कोई असर नहीं : राजेश ठाकुर
प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत और गलत निर्णय है। उनके कांग्रेस से जाने से प्रदेश कांग्रेस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। आलाकमान के निर्णय को वे झारखंड में लागू कराने का कार्य करते थे। राजेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने उन्हें बहुत मान-सम्मान दिया है इसके बाद भी इस तरह का निर्णय लेना गलत है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.