राजस्थानः कांग्रेस में फिर बढ़ी अंतर्कलह, इस विधायक ने की पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग

राजस्थान में इसी वर्ष नौ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने वाला है। ऐसे में सत्तारुढ़ कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

112

राजस्थान में सत्ताधारी कांग्रेस में एक बार फिर अंदरुनी कलह तेज होती हुई दिख रही है। प्रदेश में सचिन पायलट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विवाद बढ़ने लगा है। कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है। उन्होंने पायलट को युवाओं और प्रदेश के लोगों का चहेता बताते हुए मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है।

कांग्रेस विधायक सोलंकी का दावा है कि सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर इस वर्ष प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हंड्रेड प्रसेंट सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि यहां की जनता भी यही चाहती है, इसलिए सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे सचिन पायलट के समर्थन में हैं, क्योंकि पायलट के सपोर्ट के बिना वे चुनाव नहीं जीत सकते थे।

नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज
प्रदेश में विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है। चर्चा यह भी है कि विधानसभा चुनाव से पहले हाई कमान पार्टी में कई  संगठनात्मक परिवर्तन ला सकता है। इस बीच पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन महासिव केसी वेणुगोपाल के साथ चर्चा होने की बात कही जा रही है।

चुनाव की तैयारी शुरू
बता दें कि इस प्रदेश में इसी वर्ष नौ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने वाला है। ऐसे में सत्तारुढ़ कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी नेता और कार्यकर्ता मतदाताओं के घर-घर तक पहुंचने और सरकार की उपलब्धियों को उन तक पहुंचाने की कोशिश शुरू कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस में अंदरुनी कलह एक बार फिर शुरू होने की बात कही जा रही है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.