मणिपुर-त्रिपुरा के दौरे पर प्रधानमंत्री, 11 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का देंगे उपहार

मणिपुर में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी पार्टियां जुट गई हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 जनवरी को मणिपुर और त्रिपुरा के दौरे पर हैं।

88

पीएम नरेंद्र मोदी 4 जनवरी को मणिपुर और त्रिपुरा में कई परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वे इंफाल में 4,800 करोड़ रुपए की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही अगरतला में वे महाराज बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर नई एकीकृत टर्मिनल इमारत का उद्घाटन करेंगे। साथ ही दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।

बता दें कि मणिपुर में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी पार्टियां जुट गई हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 जनवरी को मणिपुर और त्रिपुरा के दौरे पर हैं। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एन. निम्बास सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री विधानसभा के आगामी चुनाव प्रचार के मद्देनजर राज्य के दौरे पर हैं।

कुछ दिन पहले त्रिपुरा की सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री प्रतीमा भौमिक भी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इंफाल पहुंची थीं। निम्बास सिंह ने बताया कि यहां प्रतीमा भौमिक ने पार्टी की सांगठनिक बैठक के साथ ही चुनावी सभा को संबोधित किया।

राज्य के उपाध्यक्ष सिंह ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व ने विधानसभा चुनाव को काफी गंभीरता से लिया है। घाटी स्थित विभिन्न जिलों में चुनाव प्रचार शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अखिल भारतीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पिछले दिनों इंफाल आए थे और पार्टी की एक बैठक में नेताओं के साथ मुलाकात की थी। नड्डा ने चुनावी रैली को भी संबोधित किया।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सिंह ने कहा कि इस बार भाजपा नेतृत्व 60 सदस्यीय विधानसभा चुनाव पूर्व गठबंधन नहीं करेगी। घाटी की 40 और पहाड़ की 20 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार अकेले चुनाव लड़ेंगे। पहले चरण के लिए उम्मीदवारों की सूची में भाजपा के मौजूदा मंत्रियों और कुछ विधायकों के नाम शामिल हो सकते हैं। 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 26 मौजूदा सदस्य हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.