2024 के चुनावों के परिणाम हो गए तय… क्या है प्रधानमंत्री के बयान का गणित?

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पांच राज्यों में से चार राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में पार्टी को मिली जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

95

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि 2019 में भारतीय जनता पार्टी को देश में मिली बहुमत के लिये 2017 में उत्तर प्रदेश में मिली जीत को जिम्मेदार ठहराया गया था। वे मानते हैं कि इस बार भी राजनीतिक पंडित इस बात को स्वीकार करेंगे कि 2022 के नतीजों ने 2024 (लोकसभा चुनाव) के नतीजे तय कर दिये हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को पांच राज्यों में से चार राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में पार्टी को मिली जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं और देश के मतदाताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने जीत के कारण को विकास की राजनीति से जुड़ा और परिवारवाद की राजनीति के खात्मे की भविष्यवाणी की।

मोदी ने कहा कि इन चुनावों में मैंने लगातार हर विषय पर भाजपा का विजन लोगों के सामने रखा। इसके साथ ही जिस बात पर मैंने चिंता जताई थी, वह थी- घोर परिवारवाद। मैं किसी परिवार के खिलाफ नहीं हूं। न ही मेरी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी है। मैं लोकतंत्र की चिंता करता हूं।

इसी संदर्भ में आगे उन्होंने कहा कि एक न एक दिन ऐसा आएगा, जब देश के नागरिक भारत में परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त करके रहेंगे। इस चुनाव में देश के मतदाताओं ने अपनी सूझ-बूझ का परिचय देते हुए आगे क्या होने वाला है, उसका इशारा कर दिया है।

उन्होंने देश और दुनिया की बदलती परिस्थितियों और विपक्ष की कथित तौर पर नीचे गिरती राजनीति पर टिप्पणी की।प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत के लिए मतदाताओं की दूरदृष्टि को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जनता अब स्थिर सरकार देने वालों को अपना वोट दे रही है और यह भारत में लोकतंत्र की मजूबत जड़ों का संकेत है।

इसी संदर्भ में महिला मतदाताओं का धन्यवाद करते हुये मोदी ने कहा कि इन चुनावों में राज्यों की महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं। हमने उन क्षेत्रों में शानदार जीत हासिल की है, जहां महिला मतदाताओं ने आगे बढ़कर मतदान किया। उन्होंने हमें आशीर्वाद दिया है। इस जीत में हमारी नारी शक्ति हमारी सहयोगी रही हैं।

चुनौतियों की चर्चा करते हुये उन्होंने कहा, “इन राज्यों की चुनौतियों भिन्न हैं, सबकी विकास यात्रा का मार्ग भिन्न है, लेकिन सबको जो बात एक सूत्र में पिरो रही है, वह है- भाजपा पर विश्वास, भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर अपार विश्वास।…. सीमा से सटा एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य, मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त एक राज्य और पूर्वोत्तर सीमा पर एक राज्य, भाजपा को चारों दिशाओं से आशीर्वाद मिला है।”

उत्तर प्रदेश में मिली जीत को विकास की राजनीति से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014, 2017, 2019 और अब 2022 में आए नतीजे इस बात की पुष्टि करते हैं। कुछ लोग प्रदेश को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं कि वहां चुनाव जाति पर आधारित होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई मुख्यमंत्री दोबारा 5 साल के लिए नहीं चुना गया है और इस बार योगी आदित्यनाथ का चुना जाना 37 साल का रिकॉर्ड तोड़ता है।

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर में सरकार होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी के मत प्रतिशत में वृद्धि होने की बात कही। उन्होंने कहा कि गोवा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 10 साल सत्ता में रहने के बाद भी भाजपा की सीटों में कमी नहीं आई है। वहीं उत्तराखंड में भाजपा ने नया इतिहास रचा है।

ये भी पढ़ें – और योगी के नाम बन जाएगा ये रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में जनता से वादा किया कि उनकी पार्टी सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ गरीब तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में उन्होंने गवर्नेंस डिलीवरी सिस्टम को बेहतर किया है और पारदर्शी बनाया है। अपने 20 साल की सरकार के मुखिया रहने के अनुभवों का इस्तेमाल कर उन्होंने गरीबों की आवश्यकता को समझा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2 साल करोना महामारी के चलते और अब यूक्रेन और रूस के बीच छिड़े युद्ध की वजह से दुनिया भर में सप्लाई चैन बुरी तरह प्रभावित हुई है। इन कठिनाइयों से पार पाने के लिए सरकार ने बजट में कई प्रावधान किये हैं, जिससे देश ‘आत्मनिर्भर भारत’ के अभियान पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने इसके साथ ही कहा कि भारत शांति का पक्षधर है और बातचीत से समस्याओं को सुलझाने में विश्वास रखता है।

उन्होंने विपक्ष पर निचले स्तर की राजनीति करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का आम नागरिक राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा हुआ है, लेकिन कुछ लोग देशवासियों को गुमराह कर रहे हैं।

आगे उन्होंने कहा कि आज विपक्ष का तैयार किया गया इकोसिस्टम निष्पक्ष संस्थाओं को बदनाम करने के प्रयासों में लगा हुआ है। यह संस्थाएं भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करती हैं तो घोटाले में घिरे लोग एकजुट होकर इकोसिस्टम की मदद से इन संस्थाओं पर दबाव बनाने लगते हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार एक तरफ गांव, गरीब, छोटे किसान और लघु उद्यमियों के कल्याण पर जोर दे रही है। वहीं दूसरी ओर देश के संसाधनों और युवा शक्ति को अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भरता का मिशन तेज करना चाह रही है।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने पार्टी का झंडा बुलंद किया है और आने वाले समय में राज्य और देश की मजबूती के लिए वे एक अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के नाते पंजाब को अलगाववादी राजनीति से सतर्क करने में भाजपा का कार्यकर्ता अपनी जान की बाजी लगाकर काम करता रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा ने जीत का चौका लगाया है। यह उत्सव का दिन है और वह इसके लिए देश के मतदाताओं को धन्यवाद देते हैं। माताओं, बहनों और युवाओं ने भाजपा को भरपूर समर्थन दिया। यह समर्थन अपने आप में बहुत बड़ा संदेश है।

मोदी ने कहा कि पहली बार वोट करने वाले मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा का विजय ध्वज लहराकर 10 मार्च को होली मनाने का अपना वादा पूरा किया है।

इस अवसर पर भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आज के नतीजे स्पष्ट करते हैं कि भाजपा को चारों राज्यों की जनता का आशीर्वाद मिला है। यह प्रधानमंत्री के सुशासन और नीतियों पर जनता की मोहर दर्शाता है।

नड्डा ने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं से साधारण व्यक्ति का सशक्तिकरण उसे भाजपा को वोट देने के लिए प्रेरित करता है। भाजपा ने भारत की राजनीतिक संस्कृति में बदलाव किया है और अब रिपोर्ट कार्ड पर आधारित चुनाव लड़े जाते हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.