नये भारत के शिल्पकार हैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीः सीएम शिवराज

मोदी ने जन-धन खातों से इस धारणा को तोड़ने का अभियान शुरू किया और आज हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री जब किसान सम्मान निधि के 21 हजार करोड़ रुपये भेजते हैं, तो पूरे 21 हजार करोड़ ही किसानों के खातों में पहुंचते हैं।

88

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आठ वर्षों का कार्यकाल देश का कायाकल्प करने वाला रहा है। इन 8 वर्षों में प्रधानमंत्री ने देश के गरीबों का जीवन बदलने का अभियान चलाया, तो पारदर्शिता के साथ सुशासन के नए मानदंड गढ़े। भ्रष्टाचार और आतंकवाद पर कड़े प्रहार किए, तो दुनिया में देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली, संपन्न और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है। वे नए भारत के शिल्पकार हैं।यह बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के सफलतम आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि केंद्र और मध्य प्रदेश की डबल इंजन वाली सरकारें मिलकर प्रदेश में आगे भी इसी तरह विकास की गंगा बहाती रहें, यही कामना है। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने आजादी के आंदोलन से जन-जन को जोड़कर उसे जन आंदोलन बना दिया था। उनके बाद मोदी जी पहले ऐसे नेता हैं, जिन्होंने अपने अभियानों से जन को जोड़कर उन्हें जनआंदोलन बनाया है। चाहे पर्यावरण रक्षा की बात हो, स्वच्छ भारत अभियान हो या फिर सिंगल यूज पॉलीथिन का अभियान, ये सब इसी के उदाहरण हैं।

यह भी पढ़ें-यूपीएससी की टॉप थ्री लड़कियों को मुख्यमंत्री ने दी बधाई, देश की बेटियों के लिए कही ये बात

उन्होंने कहा कि मोदी जी ने सरदार पटेल की तरह देश को एकात्म किया है। कश्मीर से धारा 370 हटाकर उसे देश की मुख्यधारा में शामिल किया है, तो उत्तर-पूर्व के प्रदेशों से आतंक का खात्मा कर विकास की नई इबारत लिखी है। मोदी जी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं और हमारी सेनाएं सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और गलवान नाले जैसे अभियानों के माध्यम से पाकिस्तान और चीन को उपयुक्त जवाब दे रही हैं।

शिवराज ने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर मोदी जी की छवि एक सर्वमान्य नेता की है। दुनिया में देश का मान बढ़ा है। हमने दुनिया को वैक्सीन और दवाओं के अलावा अनाज तक दिया है। भारत अब वो देश नहीं है, जिसके भ्रष्टाचार की चर्चा दुनिया में होती थी, बल्कि अब भारत को एक सक्षम और स्वाभिमानी देश के रूप में देखा जाता है। यह दुनिया में भारत के बढ़ते महत्व की ही निशानी है कि एक तरफ जहां रूस हमें रूबल में तेल देने को तैयार है, तो अमेरिका भारत की दोस्ती का दुहाई दे रहा है। मोदी जी ने अपने आठ सालों के कार्यकाल में राजनीति के एजेंडे से वंशवाद, परिवाद जैसी चीजों को हटाकर उसे सुशासन और विकास से जोड़ा है।

गरीब कल्याण, सेवा और सुशासन को समर्पित रहे मोदी जी के 8 सालः विष्णुदत्त शर्मा
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मोदी जी का आठ वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के उनके संकल्प को पूरा करने वाले रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षों में मोदी जी का एक-एक क्षण राष्ट्र को समर्पित रहा है। इन आठ साल में उन्होंने राजनीति की संस्कृति को तो बदला ही है, पूरी पारदर्शिता के साथ सुशासन की मिसाल भी कायम की है।

उन्होंने कहा कि देश के एक प्रधानमंत्री कहते थे कि हम एक रुपया भेजते हैं, लेकिन जनता तक सिर्फ 15 पैसे पहुंचते हैं। मोदी जी ने जन-धन खातों से इस धारणा को तोड़ने का अभियान शुरू किया और आज हमें गर्व है कि प्रधानमंत्री जब किसान सम्मान निधि के 21 हजार करोड़ रुपये भेजते हैं, तो पूरे 21 हजार करोड़ ही किसानों के खातों में पहुंचते हैं। प्रधानमंत्री ने बीते वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए गरीबों का जीवन बदलने का काम किया है, तो आजादी के बाद पहली बार आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 5 लाख तक का उपचार मुफ्त कराकर करोड़ों जिंदगियों को बचाने का काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री चौहान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास जीतने की राह पर कदम बढ़ा रही हैं।
उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने चलाएंगे अभियान

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 8 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा मध्य प्रदेश में विशेष अभियान चलाएगी, जो आज से शुरू हो गया है। 14 जून तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से पार्टी मोदी जी के कार्यकाल की उपलब्धियां तथा केंद्र सरकार के कामों को जन-जन तक पहुंचाएगी। पत्रकार वार्ता के दौरान केन्द्र एवं राज्य सरकारों के प्रमुख कार्यों एवं योजनाओं को प्रदर्शित करने वाले एक फोल्डर का विमोचन भी किया गया है।

केंद्र के साथ मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने जिन योजनाओं के माध्यम से लोगों का जीवन बदलने का काम किया है, उन योजनाओं के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश सरकार भी केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से प्रदेश में 24 लाख मकान बनाए जा चुके हैं, 6 लाख मकान और बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में 7 लाख से अधिक आवास स्वीकृत हुए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 2 करोड़ 87 लाख कार्ड बनाने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में लगभग 11 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन डोज लगाने का रिकॉर्ड कायम किया गया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 79 लाख से अधिक महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मध्य प्रदेश के 89.50 लाख किसानों को मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को 2 हजार रुपये अतिरिक्त देने वाला मध्य प्रदेश पहला राज्य है। उजाला योजना में 17.50 लाख एलईडी बल्व वितरित किए गए हैं। स्वामित्व योजना में मध्य प्रदेश अग्रणी राज्य बना है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में मध्य प्रदेश प्रथम स्थान पर है।

Join Our WhatsApp Community

Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.