नीतीश कुमार पर केंद्रीय मंत्री ने साधा निशाना, लगाया ये आरोप

पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के महागठबंधन के साथ जाने से बिहार 2005 से पूर्व की उसी अनिश्चितता के दौर में चला जाएगा, जब सिर्फ अराजकता और भ्रष्टाचार का आलम था।

93

मोतिहारी में भाजपा द्वारा 12 अगस्त को स्थानीय चरखा पार्क में जनादेश से विश्वासघात के विरोध में धरना दिया गया। धरना को संबोधित करते हुए सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि सार्वभौमिक विकास के लिए बने जनोन्मुखी एनडीए गठबंधन को तोड़कर नीतीश कुमार ने बिहार के 12 करोड़ लोगों को एक बार फिर धोखा दिया है।

राधामोहन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के इस फैसले से बिहार 2005 से पूर्व की उसी अनिश्चितता के दौर में चला जाएगा, जब सिर्फ अराजकता और भ्रष्टाचार का आलम था। उन्होंने कहा कि सुशासन के संकल्पों पर आधारित हमारे मॉडल को नीतीश कुमार की राजनीतिक महत्वाकांक्षा और झूठे अहंकार की बलि बनना पड़ा।

भाजपा के साथ आने पर नीतीश को मिली पहचान
भाजपा सांसद सिंह ने कहा कि वर्ष 2010, 2015 और अब 2020 के विधानसभा चुनावों में मिले जनादेश नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षा की भेंट चढ़ गए। अपने गठबंधन के साथियों के साथ लगातार तीन बार धोखा देने का अद्भुत रिकार्ड नीतीश कुमार ने अपने नाम किया है। नीतीश कुमार को अटल जी की सरकार में ही खुलकर काम करने की आजादी मिली, तब ही इनकी साख स्थापित हुई। वरना इनकी पहचान लालू यादव के पीछे-पीछे घूमने वाले एक साधारण नेता से ज्यादा नहीं थी।

नीतीश सरकार से की ये मांग
धरना को संबोधित करते मोतिहारी विधायक सह पूर्वमंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि विश्वासघाती नीतीश कुमार से पिछले दरवाजे से हाथ मिला कर तेजस्वी यादव आज उपमुख्यमंत्री बन गये। अब अपने घोषणापत्र में किये गए वादों को वे पूरा करें। नियोजन को समाप्त कर समान काम और समान वेतन को लागू करें। बिहार की जनता बाट जोह रही है कि आपके वादे धरातल पर कब उतरते हैं।अपने उद्बोधन में अल्पसंख्यक मोर्चा भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री साबिर अली ने कहा कि लगभग पंद्रह बीस वर्षों से हम लोग जिस बोझ को ढो रहे थे वह बोझ आज हमारे कंधे से उतर गया। अब भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता खुद को आजाद महसूस कर रहा है।

इन भाजपा नेताओं ने दिया धरना
धरना में हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान, पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव, गोवंदगंज विधायक सुनील मणि तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह,पूर्व विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रकिशोर मिश्रा एवं राजेन्द्र गुप्ता जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मोहिब्बुल हक एवं अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।वही धरना मे बसंत मिश्रा,जगजीवन पासवान, जिला महामंत्री द्वय डॉ०लालबाबू प्रसाद एवं विवेकानंद पाण्डेय, जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, जिला प्रवक्ता संजीव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा पुतुल पाठक,प्रदेश उपाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अब्दुल कलाम, जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा राजकिशोर कुशवाहा, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा मीना मिश्रा, जिलाध्यक्ष अतिपिछड़ा मोर्चा अनिरुद्ध सहनी, जिलाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा दीपक शर्मा, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा रवि यादव, नगर अध्यक्ष उत्तरी मंडल योगेन्द्र प्रसाद, नगर अध्यक्ष दक्षिणी मंडल रविभूषण श्रीवास्तव, जिला संयोजक आईटी सेल पंकज सिन्हा, जिला मंत्री विनोद कुशवाहा, देवेश सिंह, राकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.