बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त संजीव जायसवाल का इसलिए कर दिया गया तबादला!

मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त संजीव जायसवाल का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें महाराष्ट्र राज्य मत्स्य व्यवसाय विकास महामंडल के प्रबंध निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है।

105

मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त संजीव जायसवाल का तबादला महाराष्ट्र राज्य मत्स्य व्यवसाय विकास महामंडल के प्रबंध निदेशक के पद पर कर दिया गया है। मात्र 12 महीनों में उनके तबादले को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में जोरदार चर्चा है।

बता दें कि आईएएस जायसवाल को राज्य के पर्यावरण मंत्री और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के पुत्र आदित्य ठाकरे का करीबी माना जाता है और उन्होंने मुंबई में जंबो कोविड केंद्र की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेकिन पिछले कुछ दिनों से शहर के पालक मंत्रियों से उनका टकराव चल रहा था। कहा जा रहा है कि इस कारण कांग्रेस ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। इसलिए जायसवाल का तबादला कर उनकी जगह संजीव कुमार को लाया गया है।

कौन हैं जायसवाल?
अश्विनी भिड़े और संजीव जायसवाल को 9 जून, 2020 को राज्य सरकार द्वारा बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया था। संजीव जायसवाल भारतीय प्रशासनिक सेवा में 1996 बैच के अधिकारी हैं और अब तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे हैं। उन्होंने मुख्य रूप से नासिक और तलोजा में सहायक जिला कलेक्टर के रूप में काम किया है। इसके साथ ही जायसवाल ने नासिक जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उप मुख्यमंत्री के कार्यालय में उप सचिव, चंद्रपुर और औरंगाबाद जिलों के जिला कलेक्टर, नागपुर मनपा के आयुक्त, औरंगाबाद प्रशासनिक प्रभाग के संभागीय आयुक्त और ठाणे मनपा के आयुक्त के रूप में भी कार्य किया है।

ये भी पढ़ेंः अब सबको मुफ्त टीका, टिप्पणीकारों को भी उत्तर – जानें पीएम के संबोधन की बात

मिल चुके हैं कई पुरस्कार
आईएएस जायसवाल को विभिन्न स्थानों पर उनके विशेष कार्यों के लिए कई सम्मान और पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। मुंबई मनपा के अतिरिक्त आयुक्त के रूप में नियुक्त होने के बाद, उन्होंने कोविड केंद्रों में रोगियों को भोजन के साथ ही अन्य सुविधाएं भी प्रदान कराई थी। इसके साथ ही मुंबई में जंबो कोविड केंद्र का निर्माण, शहर के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा आदि कई महत्वपूर्ण कामों में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे काबिल अधिकारी का तबादला कर महाराष्ट्र राज्य मत्स्य विकास निगम का प्रबंध निदेशक बना दिया गया है और उनके स्थान पर नागपुर प्रशासनिक प्रभाग के मंडल आयुक्त संजीव कुमार को नियुक्त किया गया है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.