‘नाना’ को किस भाजपा नेता ने कहा- हां-हां?

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने दावा किया है कि भाजपा इस समय विभाजन के कगार पर है। इस विभाजन को रोकने के लिए राज्यपाल का सहारा लिया जा रहा है।

117

कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के कई नेता उनके संपर्क में हैं और वे कभी भी पार्टी छोड़ने को तैयार हैं। उनके इस दावे के बाद राज्य से लेकर दिल्ली तक भाजपा में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि यह भी सोचने वाली बात है कि उनके दावे में कितना दम है।

पटोले ने कहा है कि यदि राज्यपाल विधान परिषद में महाविकास आघाड़ी के 12 विधायकों को नियुक्त करते हैं, तो भाजपा के कई नेता पार्टी छोड़ देंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की आलोचना करते हुए कहा कि राजभवन को भाजपा कार्यालय में बदल दिया गया है क्योंकि भाजपा विभाजन के कगार पर है। मुंबई में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने राज्यपाल पर मुंबई उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद भी 12 विधायकों की नियुक्ति में देरी करने का आरोप लगाया।

फूट को रोकने के लिए राज्यपाल की मदद
पटोले ने कहा कि भाजपा इस समय विभाजन के कगार पर है। इस विभाजन को रोकने के लिए राज्यपाल का सहारा लिया जा रहा है। विधान सभा में भी कई बार कहा गया है कि राज्यपाल भवन अब भाजपा का कार्यालय बन गया है। बता दें कि हाल के दिनों में भाजपा ने बड़ी संख्या में दूसरी पार्टी के नेताओं को पार्टी में शामिल किया है।

इसलिए भाजपा नेता छोड़ना चाहते हैं पार्टी
पटोले ने अपने दावे के पीछे तर्क देते हुुए कहा कि भाजपा के कई विधायक सोचते हैं कि अब वे मंत्री नहीं बन सकते। इसलिए वे पार्टी छोड़ने के मूड में हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि जब से महाविकास आघाड़ी सरकार सत्ता में आई है, भाजपा लगातार कह रही है कि आठ दिनों में हम सरकार गिरा देंगे और सत्ता में आ जाएंगे। लेकिन अब इस सरकार को दो साल लग गए हैं। पटोले ने कहा कि अब भाजपा में ही उथल-पुथल मची हुई है।

कई नेताओं के संपर्क में होने का दावा
भाजपा के कई नेता और विधायक उनके संपर्क में हैं। भाजपा को डर है कि जिस दिन ये 12 विधायक राज्यपाल द्वारा नियुक्त कर दिए जाएंगे, उस दिन पार्टी में फूट पड़ जाएगी। इसलिए राज्यपाल 12 विधायकों की नियुक्ति को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा अपनी पार्टी को बचाने के लिए कई लोगों के साथ अन्याय कर रही है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.