भाजपा ने पार्टी की फायर ब्रांड नेता चित्रा वाघ को दिया बड़ा इनाम, इस पद की सौंपी जिम्मेदारी

महाराष्ट्र में महिला नेता चित्रा वाघ को प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पंकजा मुंडे को एक बार फिर दरकिनार कर भाजपा ने चित्रा वाघ को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है।

143

महाराष्ट्र की फायर ब्रांड महिला नेता चित्रा वाघ को प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने यह घोषणा की। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। समझा जा रहा है कि चित्रा वाघ को शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने के लिए यह पद इनाम स्वरूप दिया गया है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पंकजा मुंडे को एक बार फिर दरकिनार कर भाजपा ने चित्रा वाघ को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है।

आक्रामक रुख का इनाम
महाविकास आघाड़ी के नेताओं की आलोचना करना हो, उनको जवाब देना हो, चित्रा वाघ हमेशा आगे रहती हैं। इसके साथ ही वे राज्य में महिलाओं के मुद्दों को काफी आक्रामक तरीके से उठाने में अग्रणी हैं। इसलिए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने वाघ को नियुक्ति पत्र सौंपा।

पंकजा मुंडे को झटका
कैबिनेट विस्तार के पहले चरण में जगह नहीं मिलने से पंकजा मुंडे पहले से खफा हैं। कई बार उन्होंने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

चित्रा वाघ की पहली प्रतिक्रिया
भाजपा द्वारा नई जिम्मेदारी दिए जाने के बाद चित्रा वाघ ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “मैं इस पद के साथ पूरा न्याय करुंगी। आने वाले दिनों में पूरी ताकत से काम करूंगी। आपने मुझे तीन साल में काम करते देखा है। मेरा प्रदेश दौरा 7 नवंबर से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि पहला दौरा सिंधखेड़ाराजा से शुरू होगा। पार्टी ने मुझे मौका दिया। मैं आप लोगों से अलग नहीं हूं। अब हम सभी को मिलकर काम करना है।”

प्रदेश अध्यक्ष ने कही ये बात
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “उमा खापरे के विधायक बनने के बाद पार्टी ने चित्रा वाघ को महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। उनके नतृत्व में प्रदेश की महिलाओं को पूरा न्याय मिलेगा।”

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.