उत्तर प्रदेश की अयोध्या नगरी में महाराष्ट्र भवन बनने का रास्ता साफ हो गया है। महाराष्ट्र दौरे पर आए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी मंजूरी दे दी है। सीएम योगी के मुंबई आगमन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राजभवन में उनसे मुलाकात की।
सीएम शिंदे रामलला के दर्शन करने जाएंगे अयोध्या
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों मुंबई के दौरे पर हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदी और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राजभवन में योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने योगी आदित्यनाथ से अयोध्या में ‘महाराष्ट्र भवन’ बनाने के लिए जगह देने की मांग की। सीएम योगी ने इस मांग को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री शिंदे ने उन्हें यह भी बताया कि वह जल्द ही रामलला के दर्शन करने अयोध्या आएंगे। जिस पर योगी ने भी उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से अयोध्या आने का निमंत्रण दिया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, भाजपा सांसद रवि किशन मौजूद थे।
ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी से अभिनेता अक्षय कुमार ने की मुलाकात, इस मुद्दे पर हुई चर्चा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय मुंबई दौरे पर हैं। योगी आदित्यनाथ मायानगरी में उद्योगपतियों, फिल्म जगत के लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। इसके साथ ही वह यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आने के लिए न्योता भी दे रहे हैं। इस दौरान वह कई बैठकें करेंगे। सीएम योगी मुंबई में रोड शो भी करेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी के रोड शो को लेकर महाराष्ट्र में सियासत शुरू हो गई है।