हिमाचल विधानसभा चुनावः क्या बदलेगा रिवाज? भाजपा ने की समीक्षा बैठक

प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे 08 दिसम्बर को घोषित होंगे। हिमाचल प्रदेश में बीते 35 वर्षों से कोई भी सरकार सत्ता में वापसी नहीं कर पाई है।

98

हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को हुए मतदान के बाद प्रदेश भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक 20 नवंबर को सोलन जिले के परवाणु में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, डॉ. राजीव बिंदल, राज्यसभा सदस्य डॉ. सिकंदर कुमार और भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडे मौजूद रहे।

बैठक में विधानसभा चुनाव में हुई बंपर वोटिंग में भाजपा की स्थिति पर मंथन किया गया। प्रत्येक सीट पर बूथों से लेकर मंडलों से मिली रिपोर्ट के आधार पर आगामी रणनीति पर विचार हुआ। भाजपा नेताओं ने बैठक में रिवाज बदलने का भरोसा जताया। सूत्रों की मानें तो इस बात पर भी मंथन किया गया कि सरकार अपने दम पर बन सकेगी या निर्दलीयों की मदद लेनी पड़ेगी। इस दौरान लगभग 21 सीटों पर चुनाव लड़ रहे पार्टी के बागियों को लेकर भी चर्चा हुई।

मतदाताओं में जागरुकता और राज्य में हो रहे विकास बंपर वोटिंग का नतीजा
भाजपा नेताओं ने मतदाताओं में जागरुकता और राज्य में हो रहे विकास को बंपर वोटिंग का नतीजा करार दिया। बैठक में चुनाव से जुड़े तमाम पहलुओं पर चर्चा की गई। कुछ सीटों पर भाजपा के नाराज लोगों के भीतरघात करने की बात भी बैठक में उठी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीद जताई कि डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों के बलबूते भाजपा रिवाज बदलकर पुनः सत्ता पर काबिज होगी।

भाजपा में चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से उत्तम कार्य
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा में चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से उत्तम कार्य किया है, जिसकी वजह से पार्टी पूरे चुनाव में फ्रंट फुट पर रही है। चुनाव प्रबंधन में भाजपा नेता मंगल पांडे द्वारा अच्छा कार्य किया गया है और उनकी योजनाएं महत्वपूर्ण साबित हुई हैं। सभी नीतियों की अच्छी प्लानिंग की गई। चुनाव सभ्यता और सहजता के साथ लड़ा और इन चुनावों में भाजपा की ओर से प्रबंधन में कोई कमी नहीं हुई। पूरे प्रदेश में सभी नेताओं द्वारा अच्छा काम किया गया और उनके सभी कार्यक्रम भी अच्छे हुए जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी भी नेता का कार्यक्रम बना और वह रद्द नहीं हुआ। इसको उत्तम प्रबंधन कहते हैं। भाजपा के सभी 18 विभागों ने अच्छा काम किया।
भाजपा कार्यकर्ता कर रहे हैं दिन रात मेहनत
जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव सामग्री की दृष्टि से भी प्रदेश में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रही। भाजपा का कार्यकर्ता घर-परिवार छोड़कर दिन-रात अच्छे चुनाव प्रबंधन के लिए काम कर रहा था, जिसके लिए सभी को विशेषकर बधाई। इस बार हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदलना तय है और भाजपा हिमाचल प्रदेश में एक मजबूत सरकार बनाने जा रही है।

रिवाज बदलने का विश्वास
प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा ने चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से बहुत ही अच्छा कार्य किया है और हम हिमाचल प्रदेश में एक मजबूत सरकार बनाने जा रहे हैं। सभी कार्यकर्ताओं को इस काम के लिए विशेष बधाई एवं शुभकामनाएं। राजीव बिंदल ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रबंधन के लिए अच्छा काम किया है। हिमाचल प्रदेश में भाजपा की एक मजबूत सरकार बनने जा रही है।

हिमाचल प्रदेश का 35 वर्षों का रिवाज
प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे 08 दिसम्बर को घोषित होंगे। हिमाचल प्रदेश में बीते 35 वर्षों से कोई भी सरकार सत्ता में वापसी नहीं कर पाई है। इस बार भाजपा ने चुनाव प्रचार में पीएम नरेन्द्र मोदी को चेहरा बनाया था। मोदी ने राज्य के विभिन्न स्थानों पर ताबड़तोड़ रैलियां कीं। दूसरी तरफ कांग्रेस ने कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाली को प्रचार में मुख्य मुद्दा बनाया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.