पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर पीएम मोदी सहित कई नेताओं ने जताया दुख

जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 75 वर्ष के थे और काफी समय से बीमार रहते थे।

109

जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का गुरुवार रात को निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 75 वर्ष के थे और काफी समय से बीमार रहते थे। उन्होंने सांस लेने में दिक्कत होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव के निधन की जानकारी उनकी बेटी सुभाषिनी यादव ने दी। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, पापा नहीं रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक ट्वीट किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़ने वाले सत्तर के दशक के छात्र नेता शरद जी संसद में वंचितों की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आवाज थे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

ये भी पढ़ें- नुपुर की सुरक्षा हो जाएगी दुरुस्त, प्रशासन ने लिया बड़ा निर्णय

पीएम मोदी बोले- मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजोकर रखूंगा
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजोकर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।

समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति : ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ राजनेता, पूर्व सांसद शरद यादव के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वे विलक्षण प्रतिभा वाले महान समाजवादी नेता थे जिन्होंने वंचितों-शोषितों के दर्द को दूर करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका निधन समाजवादी आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

भारतीय राजनीति की एक प्रभावी आवाज हो गई खामोश : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट में लिखा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं देश के बड़े वरिष्ठ नेता शरद यादव के निधन से मुझे गहरी वेदना की अनुभूति हुई है। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर वर्गों की समस्याओं को पुरजोर तरीके से उठाया। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए भी उन्होंने काफी संघर्ष किया। उनके निधन से भारतीय राजनीति की एक प्रभावी आवाज खामोश हो गई है। उन्होंने कहा कि शरद जी के साथ मेरा बड़ा लंबा और बेहद आत्मीय संबंध रहा है। स्वभाव से बेहद सरल और बेबाक शरद जी का निधन एक बड़ी क्षति है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके शोकाकुल परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम् शांति!

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया शोक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्वीट किया कि देश की समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेता, जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव जी के निधन से दुःखी हूं। एक पूर्व केंद्रीय मंत्री व दशकों तक एक उत्कृष्ट सांसद के तौर पर देश सेवा का कार्य कर, उन्होंने समानता की राजनीति को मजबूत किया। उनके परिवार एवं समर्थकों को मेरी गहरी संवेदनाएं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.