त्रिपुरा के नये मुख्यमंत्री बने डॉ. माणिक साहा, ‘देब’ को सौंपी जाएगी ये जिम्मेदारी

त्रिपुरा में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा उसके पहले नए मुख्यमंत्री के साथ चुनाव में उतरना चाहती है।

74

त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य मानिक साहा ने रविवार को राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने यहां राजभवन में आयोजित समारोह में शपथ दिलाई।

फिलहाल मानिक साहा ने अकेले शपथ ग्रहण किया। उनके मंत्रिमंडल का विस्तार कुछ दिन बाद होने के कयास लगाए जा रहे हैं। मंत्रिमंडल में कौन-कौन होगा। यह अभी साफ नहीं है।

11वें मुख्यमंत्री हैं साहा
भाजपा नेता बिप्लब कुमार देब के 14 मई को पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले 69 वर्षीय डॉ. मानिक साहा को सर्वसम्मति से विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया था। राज्य में अचानक उत्पन्न हुए राजनीतिक उठापटक से जनता आश्चर्यचकित है।

मानिक साहा 2016 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए थे शामिल
वर्ष 2016 में कांग्रेस छोड़ने के बाद मानिक साहा भाजपा में शामिल हो गए थे। 2020 में उन्हें पार्टी का प्रमुख बनाया गया। इस साल मार्च में उन्हें राज्यसभा भेजा गया। वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री बदलना किसी के गले नहीं उतर रहा है। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद बिप्लब देब ने कहा कि उन्होंने पूरे दिल से राज्य के लोगों की सेवा की है। देब ने राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। भाकपा के गढ़ त्रिपुरा में 2018 में भाजपा की जीत में उनका अहम योगदान माना जा रहा है।

इस तरह चला घटनाक्रम
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने 14 मई को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। वे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश में पहले मुख्यमंत्री थे। नए मुख्यमंत्री के रूप में माणिक साहा के नाम का अनुमोदन हुआ था। 14 मई को सायंकाल को हुई पार्टी विधायक दल की बैठक में माणिक साहा को विधायक दल का नेता चुन लिया गया था।

2023 में होने हैं विधानसभा चुनाव
राज्य में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा उसके पहले नए मुख्यमंत्री के साथ चुनाव में उतरना चाहती है। उसका यह पैटर्न गुजरात में सफल भी रहा है। जब जनता के आक्रोश को कम करने के लिए भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के पूरे मंत्रिमंडल को बदल दिया था।

शाह से मिले थे देब
देब ने पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा से भेंट की थी। उस भेंट के बाद बिप्लब देब ने कहा था कि, पार्टी चाहती है कि, मैं संगठन को सुदृढ़ करूं, वे लंबे काल तक यहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार चाहते हैं। ऐसे समय में यदि मेरे जैसा व्यक्ति संगठन के लिए कार्य करता है तो उस उद्देश्य की पूर्ति में सहायता मिलेगी।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.