नड्डा ने राजनीति में सफल होने के लिए बताए चार जरुरी गुण, कहा- विपक्ष में इनमें से एक भी नहीं

चौहान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में संगठन कुशलता के साथ काम कर रहा है।

73

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 1 जून को भोपाल के प्रवास पर रहे। यहां उनका जिले के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय सह प्रभारी पंकजा मुंडे, केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश व जिला पदाधिकारी एवं हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी दलों को अगर भाजपा और जनसंघ का मुकाबला करना है तो उन्हें चार पीढ़ियां खपानी पडेगी, तब जाकर वे इस स्थिति में आएंगे। राजनीति में सफल होने के लिए नेता चाहिए, नीति चाहिए, नीयत चाहिए, नीयत को कार्यक्रम में बदलने की ताकत चाहिए और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता चाहिए। कार्यकर्ता को आगे बढने के लिए वातावरण चाहिए। दूसरे दलों में यह सब कुछ नहीं है। लेकिन भाजपा में नीति है। भाजपा में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का भाव है। अंत्योदय, एकात्म मानववाद जैसे विचार और नीतियां हैं। नीतियों को जमीन पर उतारने के लिए करोड़ों कार्यकर्ताओं की नीयत है। देश का वातावरण और जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है।

ये भी पढ़ें – अमेरिका के इस कदम से रूस आग बबूला, दो महाशक्तियों में बढ़ेगा सीधा टकराव

उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ लड़ें। भाजपा का कल था, आज है और कल भी हमारा रहेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आने वाले चुनावों में तूफान के थपेड़े आयेंगे, लेकिन उन्हें पार करना ही भाजपा के कार्यकर्ताओं का लक्ष्य रहा है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश सरकार के कार्यकाल में मध्यप्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि देश में सबसे तीव्र गति से विकास करने वाला राज्य बन गया है।

उन्होंने अपने स्वागत से अभिभूत होकर कहा कि यहां कई कार्यकर्ता हैं, जो बड़ी दूर से आए हैं और कभी मुझे मिले भी नहीं हैं, परंतु वे भी पूरे हर्षोल्लास के साथ आए हैं। यह स्वागत मेरा स्वागत नहीं है, यह भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं का स्वागत है और हमारी विचारधारा का स्वागत है।

नड्डा जी के नेतृत्व में चार राज्यों में मिली शानदार सफलताः शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी भोपाल पधारे हैं। उनके नेतृत्व में भारतीय जतना पार्टी ने 4 राज्यों के विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक विजय हासिल की है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का स्वागत, वंदन और अभिनंदन करता हूं।

विश्वास दिलाते हैं, निकाय चुनावों में हासिल करेंगे ऐतिहासिक सफलताः चौहान
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि जेपी नड्डा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भोपाल पधारे हैं। उनके लिए सबसे पहले राष्ट्र, फिर पार्टी और सबके बाद में परिवार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के नेतृत्व में पार्टी को 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में से 4 राज्यों में ऐतिहासिक जीत मिली थी। उन्होंने अपने जीवन का क्षण-क्षण पार्टी के माध्यम से भारत माता के चरणों में समर्पित किया है। हम सभी कार्यकर्ता हृदय से राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का स्वागत करते हैं।

चौहान ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में संगठन कुशलता के साथ काम कर रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा चलाई जा रही योजनाओं में से कई में मध्यप्रदेश सबसे आगे है। हम जनता की बेहतर सेवा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव शंख फूंका जा चुका है और हम सभी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को विश्वास दिलाते हैं कि स्थानीय निकाय चुनावों में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त करेंगे।

गुरूनानक टेकरी में मत्था टेका एवं शहीदों को अर्पित की पुष्पांजलि
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सड़क मार्ग द्वारा ईदगाह हिल्स पहुंचे और गुरुद्वारा गुरूनानक टेकरी के दर्शन कर मत्था टेका। तत्पश्चात “भोपाल गौरव दिवस” के अवसर पर भोपाल विलीनीकरण शहीद स्मृति द्वार पहुँचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 7 नंबर स्टॉप स्थित नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उनका स्टेट हैंगर से प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जयघोष के साथ पुष्पवर्षा और आरती उतारकर स्वागत किया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.