अब पार्षदों के भी नाथ सीएम एकनाथ, दो शहरों में उद्धव ठाकरे की सेना को झटका

एकनाथ शिंदे के साथ जानेवाले नेताओं की सूची निरंतर बढ़ रही है। विधायकों के बाद अगली पंक्ति पार्षदों की लग गई है, जिन्हें मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विश्वास है।

91

ठाणे और नवी मुंबई के कुल 96 पार्षदों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे में विश्वास जताया है और शिंदे समूह से जुड़ गए हैं। ठाणे नगर निगम के पूर्व महापौर नरेश ह्मस्के ने कहा कि बहुत जल्द कल्याण डोंबिवली नगर निगम के शिवसेना पार्षद भी शिंदे समूह में शामिल होने वाले हैं।

नगर निगम पार्षद में की भेंट
6 जुलाई रात में ठाणे नगर निगम के सभी 66 पार्षद एकनाथ शिंदे के ठाणे स्थित आवास नंदनवन में सीएम से मिले थे। इन सभी पार्षदों ने सीएम शिंदे में अपना विश्वास व्यक्त किया और शिंदे समूह में शामिल होने की घोषणा की। इसके बाद गुरुवार को नवी मुंबई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष विजय चौगुले ने भी शिवसेना के 30 पार्षदों के साथ शिंदे समूह में शामिल होने की घोषणा की है। विजय चौगुले आज इन सभी पार्षदों के साथ सीएम एकनाथ शिंदे से ठाणे स्थित उनके आवास नंदनवन बंगले पर मिलने वाले हैं। नई मुंबई नगरनिगम में शिवसेना के कुल 38 पार्षद हैं, इनमें से 8 पार्षदों ने अभी भी शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के साथ रहने की घोषणा की है।

जुड़नेवालों की बढ़ सकती है संख्या
ठाणे नगर निगम के पूर्व महापौर नरेश ह्मस्के ने बताया कि महाराष्ट्र में शिंदे समूह के पार्षदों की संख्या बढ़ सकती है। कल्याण डोंबिवली सहित कई अन्य नगर निगम के पार्षदों ने सीएम शिंदे के साथ जुड़ने की इच्छा व्यक्त की है। इन सबसे बात करने के बाद सबको शिंदे समूह में शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें-ब्रिटेन में बगावत, बोरिस जॉनसन छोड़ेंगे प्रधानमंत्री की कुर्सी?

उल्लेखनीय है कि शिवसेना से 40 बागी विधायकों के साथ अलग होने के बाद शिंदे समूह ने शिवसेना पर कब्जा जमाने की तैयारी कर ली है। इसके तहत शिंदे समूह लोकसभा के अधिकांश सांसदों को तथा शिवसेना के पार्षदों को अपने खेमे में लाने की तैयारी कर रहा है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.