पंकजा मुंडे को शिवसेना- कांग्रेस ने दी जन्मदिन की बधाई! जानिये, क्या है राजनीति

पंकजा मुंडे को 2019 के विधानसभा चुनाव में हारने का कड़वा अनुभव रहा है। उसके बाद एक साल तक भाजपा ने उनकी ओर देखने की जरुरत नहीं समझी।

88

भारतीय जनता पार्टी नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे फिलहाल वेट एंड वॉच की भूमिका में हैं। उन्हें केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय का इंतजार है। हाल ही में उन्होंने जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा में अपना विश्वास जताया था, वहीं प्रदेश के भाजापा नेताओं चंद्रकांत पाटील और देवेंद्र फडणवीस के बारे में कोई बात नहीं कही थी, इसके साथ ही पंकजा मुंडे ने कहा था कि वह धर्मयुद्ध टालना चाहती हैं।

मतलब स्पष्ट है कि वे पार्टी में अपनी स्थिति से संतुष्ट नहीं है। इसके साथ ही पंकजा मुंडे की बहन और भाजपा सांसद प्रीतम मुंडे को केंद्रीय मंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर भी पार्टी से मुंडे परिवार की नारजगी की बात कही जा रही है।

शिवसेना- कांग्रेस की राजनीति 
इस स्थिति में कांग्रेस और शिवसेना दोनों ही पार्टियां मुंडे परिवार की दोनों बहनों का कुछ ज्यादा ही ख्याल रखने लगी है। इसका कारण यह है कि ये दोनों बहनें अगर भाजपा छोड़कर किसी अन्य पार्टी में शामिल हो जाती हैं, तो उसका जनाधार काफी बढ़ जाएगा। इसलिए शिवसेना के मराठवाड़ा नेता चंद्रकांत खैरे और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले दोनों ही मुंडे बहनों को अपनी पार्टी में लाना चाहते हैं।

पंकजा मुंडे ने जाहिर की थी अपनी नाराजगी
पंकजा मुंडे को 2019 के विधानसभा चुनाव में हारने का कड़वा अनुभव रहा है। उसके बाद एक साल तक भाजपा ने उनकी ओर देखने की जरुरत नहीं समझी। मुंडे बहनों को उम्मीद थी कि केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार होने पर उनकी  प्रीतम मुंडे को कैबिनेट में जगह मिलेगी। इसके लिए दोनों मुंडे बहनों ने पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात भी की थी। लेकिन उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। इस बात को लेकर पंकजा मुंडे ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि वे धर्मयुद्ध से बचने की कोशिश कर रही हैं, क्योंकि अगर धर्मयुद्ध शुरू हुआ तो काफी लंबे समय तक चलेगा।

ये भी पढ़ेंः जो वेटिंग पर हैं, वो वेटिंग पर ही रहेंगे! पवार का तंज

कांग्रेस ने दी बधाई
पंकजा के इस तरह की घोषणा के बाद उनके भाजपा से मोहभंग होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस स्थिति में कांग्रेस और शिवेसना दोनों ने ही उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। पंकजा को जन्मदिन की बधाई देते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने लिखा है, ‘हमारी बहन पंकजा गोपीनाथ मुंडे को जन्मदिन की बधाई। मैं आपके समृद्ध और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।

शिवसेना ने दी इस तरह बधाई
वहीं शिवसेना के पूर्व सांसद चंद्रकांत खैरे ने कहा,’ हमारे बड़े भाई गोपीनाथ मुंडे के नक्शेकदम पर चलकर सामाजिक कार्य करने वाली हमारी बेटी पंकजा मुंडे ताई को जन्मदिन की शुभकामनाएं!’

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.