गुजरात विधानसभा चुनाव 2022ः सूरत जिले के सभी सीटों पर लहराया भाजपा का परचम, कांग्रेस-‘आप’ को झटका

कांग्रेस के कब्जे वाली मांडवी सीट पर भी भाजपा ने इस बार कब्जा कर लिया है।

133

गुजरात विधानसभा चुनाव में सूरत जिले की सीटों पर सभी की नजरें टिकी थीं। यहां राजनीति के कई दिग्गज चुनाव मैदान में थे। भाजपा ने जिले की सभी 16 सीटों पर भगवा लहराया है।

गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत हुई है। सूरत जिले की सभी सीटों पर एक बार फिर मोदी मैजिक का असर रहा। भाजपा ने सूरत शहर की 12 और ग्रामीण क्षेत्रों की 4 सीट सहित सभी सीटों पर जीत दर्ज की है। इस जिले में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया, अल्पेश कथिरिया, धार्मिक मालविया, राम धड़ुक, मनोज सोरठिया समेत दिग्गज मैदान में थे। इन सभी सीटों पर भाजपा को टक्कर मिलने की उम्मीद थी, लेकिन इन सभी को यहां हार का सामना करना पड़ा है।

कांग्रेस के कब्जे वाली सीट पर भी भाजपा की जीत
कांग्रेस के कब्जे वाली मांडवी सीट पर भी भाजपा ने इस बार कब्जा कर लिया है। इन सभी सीटों में कतारगाम और वराछा रोड की सीट पर विशेष नजर टिकी थी। वराछा रोड सीट पर भाजपा के उम्मीदवार और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री कुमार कानाणी ने आम आदमी पार्टी के अल्पेश कथिरिया को 16834 मतों से हराया। मजूरा सीट पर भाजपा उम्मीदवार व गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी 1,16,675 मतों के अंतर से जीते। इनके विरुद्ध आम आदमी पार्टी से पीवीएस सरमा और कांग्रेस से बलवंत जैन खड़े थे। सूरत उत्तर से भाजपा के कांति बलर 34,262 मतों के अंतर से जीत हासिल करने में सफल हुए। सूरत जिले की मांगरोल सीट पर भाजपा के गणपतसिंह वासावा 51,423 मतों के अंतर से जीते। उन्होंने कांग्रेस के अनिल चौधरी को हराया। महुवा सीट पर भाजपा के मोहन डोढिया 31,508 मतों से जीते। बारडोली सीट पर भाजपा के ईश्वर परमार ने 89,948 मतों से निकटम प्रतिद्वंदी को हराया। करंज सीट पर भाजपा के प्रवीण घोघारी ने आम आदमी पार्टी के मनोज सोरठिया को 35,974 मतों से हराया। सूरत पूर्व से अरविंद राणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के असलम साइकिलवाला को 14,017 मतों से हराया। इसके अलावा लिंबायत सीट पर भाजपा की संगीता पाटिल ने करीब 85 हजार मतों के अंतर से हराया।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.