संजय राठौड़ को मंत्री बनाने पर भाजपा नेता ने जताई नाराजगी तो मुख्यमंत्री ने दी ये सफाई

संजय राठौड़ को मंत्री बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने नाराजगी जताई है।

64

महाराष्ट्र में शिंदे सरकार में संजय राठौड़ को मंत्री बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि संजय राठौड़ पर टिकटॉक स्टार पूजा चव्हाण को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज है। उनकी संजय राठौड़ के विरुद्ध लड़ाई जारी रहेगी।

चित्रा वाघ की नारागी पर मुख्यमंत्री ने दी सफाई
मुख्यमंत्री ने भाजपा नेता के आरोप पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली महा विकास आघाड़ी सरकार में पूजा चव्हाण की मौत के मामले में पुलिस ने संजय राठौड़ को क्लीन चिट दे दी थी। राठौड़ को कैबिनेट विस्तार में सिर्फ इसलिए जगह दी गई है क्योंकि उन्हें क्लीन चिट दे दी गई थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चित्रा वाघ के इस बयान का जवाब दिया है कि अगर किसी की कोई राय है तो उनकी राय जरूर सुनी जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अधिकार है, और  इस मामले में अगर किसी को कुछ कहना है, तो उसे भी सुना जाएगा।

चित्रा वाघ ने यह कहाः
भाजपा नेता चित्रा वाघ ने कहा कि संजय राठौड़ को टिकटॉक स्टार पूजा चव्हाण को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज होने के बाद महाविकास आघाड़ी सरकार में वनमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था लेकिन आज उन्हें फिर से मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। उन्हें भगवान के न्याय पर पूरा भरोसा है। साथ ही वे संजय राठौड को कानूनी सजा दिलाने की लड़ाई कोर्ट में लड़ रही हैं। इस लड़ाई को वे जारी रखेंगी, भले ही संजय राठौड़ को शिंदे सरकार में मंत्री बना दिया गया है।

ये भी पढ़ें – बिहार में हो गया बड़ा खेला, नीतीश कुमार ने फिर मार दी पलटी! जानिये, पूरी खबर

यह है मामला
पुणे में टिकटॉक स्टार पूजा चव्हाण ने मार्च में आत्महत्या कर ली थी। उस समय तत्कालीन वन मंत्री रहे संजय राठौड़ पर पूजा चव्हाण को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ ने जोरदार तरीके से उठाया था और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने भी राज्यव्यापी आंदोलन किया था। इसी वजह से तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने संजय राठौड़ का वनमंत्री पद से इस्तीफा ले लिया था। आज उन्हें फिर से मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है, इससे चित्रा वाघ ने नाराजगी जताई है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.