नीतीश की पार्टी में बगावत के सुर, विधायक बीमा भारती ने मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप, दी ये धमकी

बिहार में मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद जेडीयू में बगावत की आवाज बुलंद होने लगी है।

133

बिहार में नीतीश कुमार की नई सरकार के लिए आगे की राह आसान नहीं लग रही है। मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद जेडीयू में बगावत की आवाज बुलंद होने लगी है। बिहार की पूर्व मंत्री और जेडीयू विधायक बीमा भारती ने खाद्य मंत्री लेसी सिंह पर हमला शुरू कर दिया है। उन्होंने लेसी सिंह को मंत्री पद से हटाने की मांग की है।

लेसी सिंह को हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान खाद्य मंत्री बनाया गया है। वे पुर्णिया के धमदहा विधानभा से विधायक हैं। उनके मंत्री बनाए जाने के बाद से ही जेडीयू विधायक बीमा सिंह नाराज हैं। उन्होंने अपनी ही पार्टी की लेसी सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

लेसी सिंह पर आरोप
बीमा भारती का कहना है कि लेसी सिंह पर हत्या और रंगदारी वसूलने के आरोप हैं। लेसी सिंह के पति बूटन सिंह की लालू-राबड़ी के कार्यकाल में हत्या कर दी गई थी। बीमा भारती के पति अवधेश मंडल को भी बाहुबली नेता माना जाता है।

पुरानी है अदावत
दरअस्ल लेसी सिंह और बीमा भारती के बीच लड़ाई काफी पुरानी है। इन दोनों के बीच पहले से ही छत्तीस का आंकड़ा है। इसका एक कारण यह भी है कि दोनों के पति अपने-अपने इलाके में बाहुबली हैं। बीमा भारती जेडीयू की पहली विधायक हैं, जिन्होंने नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल किसी मंत्री के खिलाफ आवाज उठाई है। बीमा भारती लेसी सिंह के मंत्री बनाए जाने से बेहद नाराज हैं और उन्होंने लेसी सिंह पर हत्या के साथ ही अन्य तरह के गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने धमकी दी है कि अगर लेसी सिंह को मंत्रिमंडल से नहीं हटाया गया तो वे इस्तीफा दे देंगी।

नीतीश की करीबी हैं लेसी सिंह
बता दें कि लेसी सिंह को नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है। इस कारण उन्हें मंत्री बनाए जाने की बात कही जा रही है, जबकि बीमा भारती पहले नीतीश मंत्रिमंडल में मंत्री रह चुकी हैं, लेकिन इस बार उन्हें कैबिनेट में शामिल नहीं किया गया । उनकी नाराजगी का एक बड़ा कारण यह भी बताया जा रहा है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.