नीतीश के दल में दंगल, विधायकों ने छोड़ा साथ! कुछ नहीं कर पाएंगे सुशासन बाबू

बिहार में जदयू और भाजपा का गठबंधन लंबे काल तक रहा, इसके बाद भी अचानक नीतीश कुमार ने महागठबंधन के अपने पुराने साथियों के साथ सत्ता परिवर्तन कर लिया। जदयू ने भाजपा से नाता तोड़ने के पीछे भाजपा द्वारा सेंध लगाने का आरोप किया है।

104

बिहार में भारतीय जनता पार्टी को गच्चा देकर राष्ट्रीय जनता दल के साथ सरकार बननेवाले नीतीश कुमार को अब अपनों ने ही गच्चा दे दिया है। मणिपुर में जनता दल युनाइटेड के विधायक भाजपा में चले गए हैं। बिहार के मुख्यमंत्री के दल का यह दंगल शुक्रवार रात हुआ।

भाजपा बिहार में नीतीश कुमार से मिली चोट पर मणिपुर का दल बदल मरहम की तरह ले रही है। जनता दल युनाइटेड (जदयू) इसे असंवैधानिक बता रही है, जबकि भाजपा ने खुले दिल से विधायकों का स्वागत किया है। राज्य में जदयू के 6 विधायक हैं, जिनमें से 5 ने भाजपा में विलय कर लिया है। मणिपुर विधान सभा के सचिव मेघजीत सिंह ने विलय को सहमति भी दे दी है। राज्य में इस वर्ष ही चुनाव हुए थे, जिसमें 38 सीटों में से जदयू ने 6 पर विजय प्राप्त की थी।

अधिसूचना हुई सार्वजनिक
मणिपुर विधान सभा के सचिव ने जदयू विधायकों के भाजपा गमन पर एक अधिसूचना सार्वजनिक की है। जिसमें कहा गया है कि, संविधान की दसवीं अनुसूची के अंतर्गत जदयू के पांच विधायक अब भाजपा के होंगे।

संविधान की दसवीं अनुसूची के अनुसार किसी भी राजनीतिक दल के कुल सदस्यों में से यदि 2/3 सदस्य दल बदल करते हैं तो, उन पर दल बदल कानून लागू नहीं होता। मणिपुर में जदयू के कुल 6 विधायक थे, जिसमें से 5 ने भाजपा में प्रवेश कर लिया है।

बिहार में खेल, मणिपुर में फेल
बिहार में भारतीय जनता पार्टी के साथ खेल करके नीतीश कुमार ने पाला बदलते हुए आरजेडी से गठबंधन कर लिया है। इससे मणिपुर में विधायक नाराज थे। सूत्रों के अनुसार जब बिहार में महागठबंधन की घोषणा हो रही थी, उस समय मणिपुर में जदयू छोड़ने का मन विधायकों ने बना लिया था।

अरुणाचल प्रदेश में जदयू साफ
बिहार में महागठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में जब नीतीश कुमार शपथ ग्रहण कर रहे थे, उसी समय अरुणाचल प्रदेश में जदयू के एकमात्र विधायक तेकी कासो ने भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश कर लिया। राज्य में जदयू ने 15 सीटों पर 2019 में विधान सभा चुनाव लड़ा था, जिसमें से 7 पर जीत प्राप्त हुई थी। परंतु, समय के साथ सभी विधायक भाजपा में प्रवेश कर गए। जिससे 7 विधायकों वाली जदयू प्रदेश में साफ हो गई है।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.