क्या भाजपा के आंदोलन से आम लोगों को मुंबई लोकल में यात्रा की मिलेगी अनुमति?

पिछले दिनों भाजपा ने लोकल में आम मुंबईकरों को यात्रा की अनुमति देने की मांग की थी। इसके साथ ही मांग नहीं माने जाने पर पार्टी नेताओं ने लोकल में मुफ्त यात्रा करने की भी घोषणा की थी।

97

मुंबई लोकल ट्रेनों में आम लोगों को यात्रा की अनुमति देने की मांग को लेकर 6 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी ने आंदोलन किया। पश्चिम रेलवे के कई उपनगरों में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकल में यात्रा कर आंदोलन किया। चर्चगेट में भारतीय जनता पार्टी और महाराष्ट्र विधानपरिषद अध्यक्ष प्रवीण दरेकर के नेतृत्व में तो कांदिवली में पार्टी विधायक अतुल भातखलकर के नेतृत्व में आंदोलन किया गया।

भाजपा के इस आंदोलन के दौरान कई पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। यह आंदोलन आम लोगों को मुंबई लोकल में यात्रा करने की अनुमति देने की मांग को लेकर किया गया।

भाजपा की मांग
बता दें कि पिछले दिनों भाजपा ने लोकल में आम मुंबईकरों को यात्रा की अनुमति देने की मांग की थी। इसके साथ ही मांग नहीं माने जाने पर पार्टी नेताओं ने लोकल में मुफ्त यात्रा करने की भी घोषणा की थी। इससे पहले केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहब दानवे नें भी कहा था कि मुंबई में कोरोना संक्रमण काफी कम है। इसलिए लोगों की सुविधा के लिए उन्हें लोकल में प्रवास की अनुमति दी जानी चाहिए।

ये भी पढ़ेंः मुंबईकरों के लिए कब शुरू होगी लोकल? केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ने कही ये बात

रावसाहब दानवे ने साधा था निशाना
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहब दानवे ने मुंबई लोकल में आम आदमी को यात्रा की मंजूरी नहीं दिए जाने को लेकर महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी सरकार पर निशाना साधा था। दानवे ने कहा था कि प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। 25 जिलों में पाबंदियों में ढील दी गई है। मुंबई में भी कोरोना मरीजों की संख्या में भारी कमी आई है। इसके बावजूद मुंबईकरों को लोकल में यात्रा करने की अनुमति नहीं दिया जाना आश्चर्य की बात है।

केंद्र सरकार तैयार
दानवे ने कहा है कि जिस दिन राज्य सरकार केंद्र सरकार को एक पंक्ति का प्रस्ताव भेजेगी कि आम आदमी को लोकल में यात्रा की अनुमति दी जानी चाहिए, रेलवे उसी दिन यह अनुमति दे देगी। रेल राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र को लोकल ट्रेन में आम लोगों को यात्रा करने की अनुमति देने में कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन राज्य सरकार इसकी अनुमति नहीं दे रही है।

 

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.