सरदारशहर उपचुनावः 69.91 प्रतिशत मतदान! जानें, किस बूथ पर कैसा रहा हाल

भाजपा प्रत्याशी अशोक पिंचा ने सवाई बड़ा बास में बूथ नंबर 128 और कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा ने मधु भवन के पास बूथ नंबर 147 पर वोटिंग की।

88

राजस्थान के चूरू जिले की सरदारशहर विधानसभा सीट के उप चुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। उप चुनाव में कुछ जगहों पर कांग्रेस-भाजपा के कार्यकर्ताओं में हल्की झड़प को छोड़कर शांतिपूर्ण मतदान हुआ है। उप चुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस और रालोपा के प्रत्याशियों समेत कुल 10 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। पांच बजे मतदान खत्म होने के बाद भी कई बूथों पर लोग वोट देने के लिए लाइन में लगे हुए थे, ऐसे में वोटिंग परसेंट बढ़ना तय है।

सरदारशहर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय स्कूल नंबर 11 में बने बूथ नंबर 115 पर दोपहर में फर्जी मतदान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। सूचना मिलने पर एसपी दिगंत आनंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बात कर मामला शांत करवाया। वहीं दारुल उलूम अहले सुन्नत गोसिया के बूथ नंबर 135 के आगे कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में आगे खड़े होने की बात को लेकर झड़प हो गई। संवेदनशील बूथ होने के कारण पुलिस ने व्यवस्था संभाली। एएसपी राजेंद्र मीणा, डीएसपी रामप्रताप विश्नोई और सीआई सतपाल विश्नोई मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश कर वहां से हटाया।

सुबह तेज सर्दी के बीच करीब 10 बजे तक मतदान की रफ्तार धीमी ही रही। इस कारण यहां सवेरे 9 बजे तक पहले एक घंटे में 5.20 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद जैसे-जैसे धूप खिली, लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। सुबह 11 बजे तक करीब 20 फीसदी और 12 बजे तक 35 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। एक बजे तक 36.68 प्रतिशत और तीन बजे तक 55 प्रतिशत मतदान हुआ। भारत निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक डॉ. लक्ष्मिशा, जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ सिहाग सहित कई अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे। मतदान 8 बजे से शुरू हुआ और शाम 5 बजे खत्म हो गया।

भाजपा प्रत्याशी अशोक पिंचा ने सवाई बड़ा बास में बूथ नंबर 128 और कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा ने मधु भवन के पास बूथ नंबर 147 पर वोटिंग की। वहीं आरएलपी प्रत्याशी लालचंद मूंड ने करणसर गांव में बूथ नंबर 114 पर वोटिंग की। सरदारशहर में कांग्रेस, भाजपा और आरएलपी में कड़ी टक्कर है।

कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा का निधन होने से इस सीट पर उप चुनाव हुए हैं।। कांग्रेस ने उनके बेटे अनिल शर्मा को, बीजेपी ने पूर्व विधायक अशोक पींचा (2008-13) को अपना उम्मीदवार बनाया था, जबकि आरएलपी ने लालचंद मूंड को टिकट दिया है। राजस्थान में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 7 विधानसक्षा क्षेत्रों में उप चुनाव हुए हैं। इनमें सहाड़ा, मंडावा, राजसमंद, खींवसर, सुजानगढ़, धरियावद, वल्लभनगर शामिल हैं। इन उप चुनावों में भाजपा ने केवल राजसमंद की सीट जीती थी। रालोपा ने खींवसर की सीट जीती थी। शेष सभी 5 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। इनमें से सहाड़ा, राजसंमद, सुजानगढ़, धरियावद, वल्लभनगर में मृतक विधायक के परिजनों ने ही जीत दर्ज की है। खींवसर और मंडावा में उप चुनाव वहां के विधायक के सांसद बनने के कारण हुए थे।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.