ये व्यायाम है बड़े फायदे की चीज…

181

व्यायाम शरीर के उतना ही जरूरी है, जितना कि भोजन करना या पानी पीना। नियमित व्यायाम से हम न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी स्वस्थ्य रहते हैं। पर, नियमित रूप से व्यायाम की आदत डालना आसान काम नहीं। महिलाओं की बात करें तो ऑफिस और घर का काम कहीं-न-कहीं उनकी फिटनेस में बाधक है।
एक अध्ययन के मुताबिक लगभग 64 प्रतिशत भारतीय कभी व्यायाम नहीं करते हैं। इसमें भी महिलाओं की संख्या बहुत अधिक है। नियमित व्यायाम के क्या-क्या फायदे हैं और इसे कैसे अपनी आदत में शामिल करें, आइए जानते हैं…

* मांसपेशियां रहती हैं स्वस्थ-
नियमित व्यायाम करने से मांसपेशियां तो स्वस्थ रहती ही हैं, साथ ही शरीर में खून का बहाव भी बेहतर ढंग से होता है। अगर आप रोज एक्सरसाइज करती हैं तो मस्तिष्क की कोशिकाओं को भी सक्रिय होने में काफी मदद मिलती है।

* सामान्य रहता है रक्तचाप-
नियमित रूप से व्यायाम करने से रक्तचाप से जुड़ी समस्याएं कम हो जाती हैं। एक्सपर्ट बताते हैं कि जो महिलाएं रोज व्यायाम करती हैं, उन्हें उच्च रक्तचाप होने का खतरा 75 प्रतिशत तक कम हो जाता है। विभिन्न शोधों में नियमित हल्के-फुलके व्यायाम के अलावा एरोबिक्स को भी रक्तचाप नियंत्रित करने में उपयोगी पाया गया है।

* बर्न होती है कैलरी-
गर्भावस्था या फिर मेनोपॉज के बाद अधिकतर महिलाओं का वजन तेजी से बढ़ता है। अगर अपने बढ़ते वजन को कम या नियंत्रित करना चाहती हैं तो जरूरी है कि आपका मेटाबॉलिज्म अच्छा हो। मेटाबॉलिज्म को तेज रखने में नियमित व्यायाम उपयोगी साबित होता है। नियमित रूप से व्यायाम करने से मेटाबॉलिज्म बेहतर होने के साथ ही कैलरी भी तेजी से बर्न होती है और वजन नियंत्रण में रहता है।

* दूर होता है तनाव-
नियमित व्यायाम शरीर ही नहीं बल्कि दिमाग को भी तेज रखने में उपयोगी साबित होता है। तनाव, सिर दर्द और अवसाद जैसी कई समस्याओं को नियमित व्यायाम की मदद से कम या ठीक किया जा सकता है। डॉक्टर्स कहते हैं कि नियमित व्यायाम दिमाग के लिए एंटीडिप्रेशन दवा की तरह काम करता है।

* दर्द से मिलता है छुटकारा-
जिन महिलाओं को पीठ और हाथ-पैरों में दर्द की समस्या होती है, उन्हें भी नियमित व्यायाम से लाभ होता है। अगर आपको हर वक्त शरीर में कमजोरी महसूस होती है तो व्यायाम से आप तुरंत ऊर्जा पा सकती हैं। साथ ही व्यायाम से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।

* घटता है बैड कोलेस्ट्रॉल-
नियमित व्यायाम करने से शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को भी सामान्य किया जा सकता है। व्यायाम करने से शरीर में हानिकारक कोलेस्ट्रॉल की मात्रा घट जाती है और अच्छे कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ती है। इससे दिल की सेहत भी दुरुस्त रहती है और हम अधिक मात्रा में ऑक्सीजन ले पाते हैं। इस वजह से व्यक्ति को हार्ट अटैक और दिल से संबंधित अन्य बीमारियां होने का खतरा काफी कम हो जाता है।

* खुद को ऐसे करें प्रेरित-
-शाम की बजाय सुबह व्यायाम करना ज्यादा फायदेमंद होता है। इससे फिटनेस के साथ ही तनाव से भी मुक्ति मिलती है। सुबह व्यायाम करने के लिए आप अपना एक समय निर्धारित करें। उदाहरण के लिए अगर आप सुबह 5 से 6 बजे तक व्यायाम करना चाहते हैं तो रोजाना इसी समय एक्सरसाइज करें।
-यदि आप व्यायाम को लेकर पूरी तरह समर्पित होना चाहते हैं तो अपने लिए कोई व्यायाम पार्टनर तलाश लें। इसके लिए दोस्त या परिवार के सदस्य को चुनें। ध्यान रखें कि पार्टनर ऐसा हो, जो आपके अंदर व्यायाम को लेकर एक नई ऊर्जा और समर्पण पैदा करे।
-अपने लिए वह व्यायाम चुनें, जिसे करने में आपको मजा आए। अगर नियमित व्यायाम आपको बोरिंग लगता है।
-नियमित रूप से व्यायाम करना घर पर संभव नहीं हो पा रहा है तो जिम जॉइन कर सकते हैं या फिर योग क्लास या किसी अन्य फिटनेस क्लास का हिस्सा भी बन सकते हैं।

Join Our WhatsApp Community
Get The Latest News!
Don’t miss our top stories and need-to-know news everyday in your inbox.